इस्राईली प्रधान मंत्री नेतनयाहू ने मार्च में अवैध अधिकृत फ़िलिस्तीनी इलाक़ों की यात्रा के अमरीकी विदेश मंत्री जॉन केरी के अनुरोध को ठुकरा दिया था।
इस्राईली टीवी चैनल-2 ने रिपोर्ट दी है कि केरी 17 मार्च के चुनाव में नेतनयाहू की सफ़लता के बाद तेल अवीव की यात्रा करना चाहते थे लेकिन नेतनयाहू ने इसकी अनुमति नहीं दी। नेतनयाहू ने केरी से कहा कि तेल अवीव में नई सरकार के गठन के बाद वे इस्राईल की यात्रा कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि 2009 में बराक ओबामा द्वारा अमरीकी राष्ट्रपति का पद ग्रहण करने के बाद से वाशिंगटन और तेल अवीव के संबंधों में तनाव व्याप्त है। मार्च में नेतनयाहू ने अमरीका की यात्रा की थी और वाइट हाऊस के विरोध के बावजूद कांग्रेस को संबोधित किया था। ओबामा ने नेतनयाहू की अमरीका की यात्रा के दौरान उनसे मुलाक़ात से इन्कार कर दिया था। यह ऐसी स्थिति में है कि जब बराक ओबामा कह चुके हैं कि नेतनयाहू की सफ़लता के बावजूद, ईरान के साथ संभावित परमाणु समझौते की प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी।